Breaking News

बहेड़ी में 131 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में गूंजी शहनाइयां।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत संपन्न हुए विवाह, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बहेड़ी, बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बहेड़ी स्थित सीबी सिंह मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 131 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। विवाह मंडप में धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में संपन्न कराई गईं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

बहेड़ी ब्लॉक और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत उपहार और गृहस्थी का सामान दिया गया। साथ ही उनके भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना और शादी के खर्च से पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि रवि मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार साबित हो रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी परिवार को बेटी के विवाह में परेशानी का सामना न करना पड़े और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के विभिन्न वर्गों के हित में योजनाएं चला रही है और पात्र परिवारों तक इनका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

समारोह में ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, नगर पालिकाध्यक्ष रश्मि जायसवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता और महामंत्री अरुण गंगवार ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, बीडीओ विजयकांत मिश्रा, अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री एवं जिला उपाध्यक्ष हाजी अफजाल अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष केदार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष भरतवीर सिंह, रवि पाराशरी, सूरज पाल गंगवार, जितेंद्र तोमर, नईम अहमद, नरेंद्र मौर्य, नसीम शाह, शकील मलिक और नूरीन सहित तहसील, ब्लॉक एवं नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बेटी के घर का विवाद सुलझाने पहुंचे पिता की मौत, दामाद पर हत्या का आरोप।

बेटी के घर का विवाद सुलझाने पहुंचे पिता की मौत, दामाद पर हत्या का आरोप। …