Breaking News

शिक्षकों के लिए सौगात: वित्त मंत्री खन्ना ने किया मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 18 हजार से अधिक कर्मी होंगे लाभान्वित।

शिक्षकों के लिए सौगात: वित्त मंत्री खन्ना ने किया मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 18 हजार से अधिक कर्मी होंगे लाभान्वित।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा है कि एक स्वस्थ शिक्षक ही बेहतर समाज और मजबूत भविष्य की नींव रख सकता है। बुधवार को गन्ना शोध परिषद सभागार में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को सूचीबद्ध (इम्पैनल्ड) अस्पतालों में बिना किसी खर्च के बेहतर इलाज मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान डीबीटी (DBT) के माध्यम से जिले के छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी की धनराशि का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के कुल 18,806 शिक्षाकर्मी इस कैशलेस चिकित्सा योजना का सीधा लाभ उठा सकेंगे। वहीं, डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 26.5 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। जिलाधिकारी ने शिक्षकों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि इस राशि का सदुपयोग केवल विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ही हो।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इस दौरान प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है और नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से 12 जुलाई को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।

समारोह में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, ददरौल विधायक अरविंद सिंह समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर चार शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की, वहीं अतिथियों को पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!