Breaking News

कासगंज: पटियाली में दिनदहाड़े घर में डकैती का प्रयास, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार।

कासगंज: पटियाली में दिनदहाड़े घर में डकैती का प्रयास, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, एक गिरफ्तार।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

पटियाली (कासगंज)। जनपद के पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम को बदमाशों ने दुस्साहस की पराकाष्ठा पार कर दी। गंजडुंडवारा रोड स्थित एक मकान में घुसे तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंजडुंडवारा रोड निवासी राहुल यादव अपनी पत्नी टिंकी यादव और 10 वर्षीय पुत्र आर्यांश के साथ घर पर थे। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर तीन युवक घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने राहुल यादव पर तमंचे की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और दंपती को बंधक बनाने की कोशिश की। पीड़िता टिंकी यादव ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बदमाशों के चंगुल से खुद को छुड़ाया और बाहर निकलकर शोर मचा दिया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई।

शोर सुनकर एक बदमाश तीन मंजिला मकान की छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, जबकि दो बदमाश मकान के भीतर ही घिर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली में भर्ती कराया है। तीसरे बदमाश को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से कस्बे में दहशत का माहौल है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुठभेड़ की सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य आपराधिक इतिहास और गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!