Breaking News

गंजडुंडवारा: अकीदत और गमगीन माहौल में निकले ताजिये, ‘या हुसैन’ की सदाओं से गूंजा नगर; पुलिस रही मुस्तैद।

गंजडुंडवारा: अकीदत और गमगीन माहौल में निकले ताजिये, ‘या हुसैन’ की सदाओं से गूंजा नगर; पुलिस रही मुस्तैद।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा नगर में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। कर्बला के शहीदों की शहादत को याद करते हुए ताजियों का जुलूस निकाला गया, जिसने पूरे नगर के माहौल को गमगीन कर दिया। अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की। मातमी धुनों के बीच निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और हर तरफ ‘या हुसैन’ की सदाएं गूंजती रहीं।

जुलूस के दौरान अखाड़ों के युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया, जिन्हें देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के पूरब थोक, पश्चिम थोक, मंसूर चौक, सट्टी बाजार, नगला इमाम बख्श, गनेशपुर, पचपोखरा, गढ़का, नवाबगंज नगरिया और कादरगंज समेत विभिन्न इलाकों से निकले ताजिए अंत में चौक सट्टी बाजार पर एकत्रित हुए। यहां से यह कारवां कर्बला की ओर बढ़ा, जहां देर रात रस्मों के साथ ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

इस धार्मिक आयोजन के दौरान नगर में जगह-जगह सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। करीब दो दर्जन स्थानों पर लंगर, शरबत और शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई थी, जहां लोगों ने राहगीरों और जुलूस में शामिल अकीदतमंदों को जलपान कराया। जुलूस के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली के तारों के ताजियों से स्पर्श होने की स्थिति बनी, जिसे लोगों ने अपनी सावधानी और सतर्कता से संभाला और लग्गी की मदद से सुरक्षित रास्ता बनाया। आयोजन को सफल बनाने में पश्चिम थोक से आसिफ, साबिर हुसैन, वकील अहमद, डॉ. शानू, चांद मियां, सब्बू और पूरब थोक से अब्बू भूरा, प्यारे मियां, मुख्तयार व सारीब समेत कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह चाक-चौबंद रहा। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, रविंद्र चाहर और डिप्टी सिंह सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। जुलूस मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर थी और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की गई। शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुए इस आयोजन के लिए स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!