Breaking News

कासगंज: मोहर्रम को लेकर गंजडुंडवारा में पुलिस अलर्ट, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध। 

कासगंज: मोहर्रम को लेकर गंजडुंडवारा में पुलिस अलर्ट, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध। 

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओ.पी. सिंह ने गंजडुंडवारा थाने का औचक दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) पटियाली अमित कुमार भी मौजूद रहे। एसपी ने मातहतों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ओ.पी. सिंह ने थाना क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर जुलूस के रूट और सुरक्षा की तैयारियों का गहन जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ताजिए जुलूसों की ऊंचाई मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए। साथ ही, जुलूस केवल पारंपरिक और पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकलेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने जुलूस मार्ग में आने वाले पेड़ों की टहनियों और ढीले बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी न हो।

त्योहार के दौरान अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर एसपी ने पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और जुलूस के रास्तों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस टीम लगातार पैदल गश्त करेगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाहों को रोकने के लिए एसपी ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करता है या अफवाह फैलाता है, तो उसे चिन्हित कर सीधे जेल भेजा जाएगा। एसपी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी। पुलिस द्वारा शुक्रवार शाम जारी प्रेस नोट के माध्यम से जनता से भी शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!