Breaking News

कासगंज: भाई की जान बचाने के फेर में गंगा में समाईं दो बहनें, गांव में पसरा मातम। 

भाई की जान बचाने के फेर में गंगा में समाईं दो बहनें, गांव में पसरा मातम। 

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद के सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ गंगा स्नान के दौरान अपने छोटे भाई की जान बचाने के चक्कर में दो सगी बहनों ने अपनी जान गंवा दी। अपनी जान की परवाह किए बिना भाई को सकुशल बाहर निकालने वाली इन बहादुर बहनों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

इंद्रपाल कश्यप के तीन बच्चे 16 वर्षीय सलोनी, 14 वर्षीय कोमल और 12 वर्षीय शिवनेश गंगा स्नान करने गए थे। नहाते समय शिवनेश अचानक गहरे पानी में जाकर डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए सलोनी और कोमल तुरंत पानी में उतर गईं। दोनों बहनों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भाई को तो सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन नदी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आने से वे खुद बाहर नहीं निकल सकीं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कोमल को पानी से बाहर निकालकर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ और ग्रामीणों की मदद से सलोनी का शव भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में पिता इंद्रपाल कश्यप, जो गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं, का इस घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। सलोनी जहां जीएनएम की तैयारी कर रही थी, वहीं कोमल ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं, जिससे पूरे गांव में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!