Breaking News

सहसवान: नवजात की मौत पर मचा कोहराम, डॉक्टर की लापरवाही के आरोप से आक्रोशित परिजन।

सहसवान: नवजात की मौत पर मचा कोहराम, डॉक्टर की लापरवाही के आरोप से आक्रोशित परिजन।

सहसवान (बदायूँ)। नगर के पठानटोला चौराहे पर स्थित एक निजी क्लीनिक में कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण 18 दिन के एक नवजात शिशु की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा बच्चे को ड्रॉप की जगह जबरन गोली खिला दी गई, जिससे वह गले में फँस गई और कुछ ही देर में बच्चे की मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

परिजनों का आरोप: अनसुनी की गुहार

मृतक बच्चे की माँ ने दर्द बयां करते हुए बताया कि वह अपने नवजात को लेकर डॉक्टर के पास गई थीं। उन्होंने बार-बार डॉक्टर से आग्रह किया कि बच्चे को केवल तरल दवा (ड्रॉप) दी जाए, लेकिन डॉक्टर ने एक न सुनी। आरोप है कि चिकित्सक ने बच्चे के मुँह में जबरन गोली डाल दी, जो गले में अटक गई, जिससे बच्चे का दम घुटने लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वायरल वीडियो ने पकड़ा तूल

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शोक संतप्त माता-पिता डॉक्टर की लापरवाही के खिलाफ न्याय की गुहार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और स्वास्थ्य विभाग से ऐसे लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों का कहना है कि शहर में चल रहे झोलाछाप और गैर-जिम्मेदार डॉक्टरों पर नकेल कसना अनिवार्य है।

स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रशांत त्यागी ने कहा कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आज ही संबंधित क्लीनिक को नोटिस जारी करेंगे और मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, उन्होंने अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय की राह देख रहा है और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

वायरल वीडियो 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!