Breaking News

शाहजहाँपुर: कृषि निर्यात को नई उड़ान, एपीडा ने किसानों और एफपीओ को सिखाए वैश्विक बाजार के गुर।

शाहजहाँपुर: कृषि निर्यात को नई उड़ान, एपीडा ने किसानों और एफपीओ को सिखाए वैश्विक बाजार के गुर।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। जनपद में कृषि निर्यात को नई दिशा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन में एक महत्वपूर्ण क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की, जबकि एपीडा के सचिव डॉ. सुधांशु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एपीडा सचिव डॉ. सुधांशु ने कहा कि सरकार किसानों, एफपीओ और उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से सीधे जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘भारती कार्यक्रम’ के माध्यम से किसानों को निर्यातोन्मुख खेती और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के मार्गदर्शन में पीलीभीत में बासमती एवं ऑर्गेनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ शाहजहाँपुर के किसानों को भी मिलेगा। साथ ही, उन्होंने एपीडा की वित्तीय सहायता योजनाओं के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और गुणवत्ता में सुधार के लिए मिलने वाले सहयोग के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम में एपीडा के आलोक मिश्रा ने निर्यात की संभावनाओं व सरकारी योजनाओं पर चर्चा की, वहीं बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान (BEDF) के संयुक्त निदेशक डॉ. रितेश शर्मा ने गुणवत्ता परीक्षण, डीएनए टेस्ट और कीटनाशकों के अवशेषों से जुड़ी बारीकियों की जानकारी साझा की। इस दौरान गंगा भूमि सीड्स प्रोडक्शन कंपनी (एफपीओ) के निदेशक राकेश कुमार पाण्डेय ने जनपद में निर्यात को गति देने के लिए छह सूत्रीय ज्ञापन एपीडा सचिव को सौंपा।

इस जागरूकता कार्यक्रम में कृषि विभाग, मंडी समिति, नाबार्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित 100 से अधिक किसान व एफपीओ प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कृषि निर्यात से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधानों पर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में नेत्रपाल शर्मा ने उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!