Breaking News

पटियाली: भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे धिमरियाई के ग्रामीण, एक मौत के बाद बढ़ा आक्रोश।

भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे धिमरियाई के ग्रामीण, एक मौत के बाद बढ़ा आक्रोश।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

पटियाली, कासगंज: थाना क्षेत्र के गांव धिमरियाई में पिछले एक सप्ताह से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण स्थानीय लोग भीषण गर्मी और उमस में रहने को मजबूर हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा सुध न लेने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है और रविवार को भारी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि बिजली न होने के कारण गांव का जन-जीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात इतने विकट हो चुके हैं कि अत्यधिक गर्मी के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु तक हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि तमाम शिकायतों और गुहार के बावजूद विभागीय अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई ठप पड़ी है और सिंचाई के साधनों के काम न करने से खेत में खड़ी फसलें सूख रही हैं। इसके अलावा, गांव में जगह-जगह विद्युत केबल और पोल टूटकर जमीन पर गिरे पड़े हैं, जिससे हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने स्थानीय जूनियर इंजीनियर को भी समस्या से बार-बार अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस प्रदर्शन के दौरान जसबीर सिंह, मनोज कुमार, अवध पाल, नेत्रपाल, बीरपाल, राजीव कुमार और जितेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो वे अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …