Breaking News

ममता शर्मसार: गल्ला मंडी के पास नाले में मिला नवजात का शव, इलाके में हड़कंप।

ममता शर्मसार: गल्ला मंडी के पास नाले में मिला नवजात का शव, इलाके में हड़कंप।

विशाल शर्मा, संवाददाता

चंदौली। जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गल्ला मंडी सुपर मार्केट इलाके में शनिवार को मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नाले में नवजात शिशु का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। दोपहर के समय जब स्थानीय राहगीरों की नजर नाले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी, तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही कूड़ा बाजार चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। उपस्थित लोगों से पूछताछ करने पर शुरुआत में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी, हालांकि प्रथम दृष्टया शव करीब एक से दो दिन पुराना लग रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं इस अमानवीय कृत्य को लेकर स्थानीय जनता में गहरा रोष व्याप्त है।

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जांच की कार्रवाई में जुट गया है। कूड़ा बाजार चौकी प्रभारी विजय राज ने इस संबंध में बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को किन परिस्थितियों में और किसके द्वारा नाले में फेंका गया। दोषियों तक पहुँचने के लिए पुलिस टीम गल्ला मंडी सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है, ताकि इस क्रूर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!