Breaking News

मोहम्मदपुर व्यार में गैवी पीर मेले की धूम: मजार पर अकीदतमंदों ने टेका माथा, ग्रामीणों ने जमकर उठाया लुत्फ।

मोहम्मदपुर व्यार में गैवी पीर मेले की धूम: मजार पर अकीदतमंदों ने टेका माथा, ग्रामीणों ने जमकर उठाया लुत्फ।

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह 

बिनावर (बदायूं)। थाना बिनावर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर व्यार में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुप्रसिद्ध गैवी पीर बाबा की मजार पर सालाना मेले का आयोजन बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। मेले के अवसर पर सुबह से ही आसपास के तमाम ग्रामीण इलाकों से भारी संख्या में अकीदतमंदों और श्रद्धालुओं का मजार शरीफ पर पहुंचना शुरू हो गया था। मजार पर आए लोगों ने पीर बाबा की चौखट पर अकीदत के फूल और चादर पेश कर मन्नतें मांगीं, दुआएं कीं और बड़े ही अदब के साथ नियाज दिलवाई।

मेले को लेकर बच्चों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। मेला परिसर में खान-पान और मनोरंजन के रंग-बिरंगे स्टॉल सजाए गए थे, जहाँ स्वादिष्ट चाट-पकौड़ी, गरमा-गरम जलेबी और कुल्फी का लोगों ने जमकर स्वाद लिया। इसके साथ ही बच्चों के आकर्षण के लिए तरह-तरह के खिलौने, गुब्बारे और लकड़ी के बने पारंपरिक सामानों की दुकानें सजी थीं, जहाँ दिनभर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ती रही। पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से इस पारंपरिक मेले के हर पल का आनंद लिया।

धार्मिक और सामाजिक सौहार्द के इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से जसीम गद्दी, शमीम गद्दी, कम्शर अली, साबिर शाह, पूर्व प्रधान मुन्ने अली और मुख्तियार अहमद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय संभ्रांत नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। मेले में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए थाना बिनावर के उपनिरीक्षक महेश पाल यादव पर्याप्त पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे, जिससे पूरा आयोजन बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …