Breaking News

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में विधायक ने वितरित किए हेलमेट, यातायात नियमों का पालन करने की अपील।

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में विधायक ने वितरित किए हेलमेट, यातायात नियमों का पालन करने की अपील।

बदायूं। यातायात माह नवंबर 2026 के अंतर्गत आर.टी.एम. सोसाइटी फॉर सोशल डेवलपमेंट की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस एवं कोरल मोटर्स मारुति सुजुकी अरेना के सहयोग से पुलिस लाइन चौराहा स्थित भामाशाह चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने लोगों को हेलमेट वितरित किए और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके हम स्वयं के साथ अपने परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं।

इस अवसर पर यातायात निरीक्षक मनोज कुमार ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए।

कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक आर.एल. राजपूत सहित यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान में कोरल मोटर्स की ओर से जीएम सेल्स शैलेंद्र चेतल एवं ब्रांच हेड बदायूं प्रणव अग्रवाल का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित यातायात अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आर.टी.एम. सोसाइटी फॉर सोशल डेवलपमेंट की डायरेक्टर रिदा तनवीर, मुशीर अली, एडवोकेट अजहरुद्दीन, मजहर, अंश पटेल, लोकेश पटेल, आजम, नसीम, सैम, मारिफ एवं अबीर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

अभियान के माध्यम से “दुर्घटना मुक्त बदायूं बनाएं, मिलकर बनाएं सुरक्षित समाज” का संदेश दिया गया। संस्था की ओर से नागरिकों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही भविष्य में भी समाजहित और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कोई भी टीबी ग्रसित बच्चा उपचार से न रहे वंचित, चिकित्सा अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण।

कोई भी टीबी ग्रसित बच्चा उपचार से न रहे वंचित, चिकित्सा अधिकारियों को दिया गया …