Breaking News

पटियाली विधानसभा में चुनावी सरगर्मियां तेज, सपा टिकट के लिए दावेदारों की होड़।

पटियाली विधानसभा में चुनावी सरगर्मियां तेज, सपा टिकट के लिए दावेदारों की होड़।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

पटियाली, कासगंज। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कासगंज जनपद की पटियाली विधानसभा सीट पर सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। चुनावी साल नजदीक आते देख संभावित प्रत्याशियों ने जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा दी है, जिसके चलते क्षेत्र में होर्डिंग, बैनर और सोशल मीडिया पर प्रचार का दौर बेहद तेज हो गया है। सबसे दिलचस्प मुकाबला समाजवादी पार्टी के भीतर देखने को मिल रहा है, जहाँ टिकट पाने की होड़ में कई दिग्गज चेहरे लखनऊ दरबार में हाजिरी लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करने और अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

टिकट की इस बढ़ती मारामारी के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सभी दावेदारों को स्पष्ट संदेश दे दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि आगामी चुनाव में टिकट का आधार केवल जमीनी सक्रियता ही होगा। जो नेता लगातार जनता के बीच मौजूद रहकर उनके सुख-दुख में भागीदार बन रहे हैं, पार्टी उन्हीं पर भरोसा जताएगी। केवल लखनऊ और दिल्ली के दफ्तरों के चक्कर लगाने वाले नेताओं को इस बार प्राथमिकता नहीं मिलने वाली है। पार्टी नेतृत्व के इस कड़े रुख के बाद दावेदारों ने क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

उधर, पटियाली विधानसभा क्षेत्र की जनता भी इस बार बेहद जागरूक नजर आ रही है और उसने चुनाव को लेकर अपनी राय खुलकर रखनी शुरू कर दी है। क्षेत्र के मतदाताओं का स्पष्ट कहना है कि इस बार वे किसी बाहरी के बजाय “स्थानीय प्रत्याशी” को ही चुनेंगे, जो हर वक्त क्षेत्र में उपलब्ध रहे। फिलहाल, समाजवादी पार्टी से दावेदारी करने वाले प्रमुख चेहरों में किरण यादव, नाशी खान, वर्तमान विधायक नादिरा सुल्तान, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी और पूर्व चेयरमैन जाहिदा सुल्तान के नाम चर्चाओं में सबसे आगे चल रहे हैं। इनके अलावा चाहत मियां, जिला पंचायत सदस्य शाहरुख राज, कालिया चेयरमैन, हाजी मुनव्वर हुसैन और वसीम खान जैसे मजबूत चेहरे भी टिकट की इस दौड़ में पूरे दमखम के साथ शामिल हैं। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में सपा आलाकमान इन दिग्गजों में से किस चेहरे पर अपना दांव लगाता है।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!