Breaking News

कासगंज: स्कूली वाहनों पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा, नियमों की अनदेखी पर 7 का चालान और 3 वाहन सीज।

कासगंज: स्कूली वाहनों पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा, नियमों की अनदेखी पर 7 का चालान और 3 वाहन सीज।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देशानुसार, जनपद में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानकों की अनदेखी करने वाले 7 स्कूली वाहनों का चालान किया, जबकि 3 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। उत्तर प्रदेश एकीकृत स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जनपद के कुल 183 पंजीकृत स्कूली वाहनों में से 172 के दस्तावेज सही पाए गए, लेकिन 11 वाहनों के परमिट, फिटनेस और बीमा प्रमाणपत्र अवैध मिले हैं। इस लापरवाही को लेकर संबंधित स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

​प्रवर्तन अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने निजी वाहनों को अवैध रूप से स्कूल वैन या बस के रूप में चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल संचालक अपने वाहनों को व्यावसायिक श्रेणी में पंजीकृत कराकर आवश्यक परमिट प्राप्त करें। इसी क्रम में अब तक 26 निजी वाहनों को व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित कर उन्हें परमिट जारी किए जा चुके हैं। पिछले एक माह की कार्रवाई पर नजर डालें तो विभाग ने कुल 27 वाहनों का चालान किया है और 13 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध करते हुए करीब 1.72 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

​जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों और स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की कोताही न बरतें। उन्होंने चेतावनी दी है कि बिना वैध दस्तावेजों और पंजीकरण के बच्चों को ढोने वाले वाहनों के खिलाफ भविष्य में और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता से उन स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है जो अब तक नियमों को ताक पर रखकर वाहन संचालित कर रहे थे।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!