Breaking News

क्रिकेट सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़: बरेली में नेपाली सिम और फर्जी दस्तावेजों के साथ शातिर दबोचा।

क्रिकेट सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़: बरेली में नेपाली सिम और फर्जी दस्तावेजों के साथ शातिर दबोचा।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। आईपीएल मैचों के दौरान सक्रिय सट्टेबाजी और वित्तीय धोखाधड़ी के एक बड़े नेटवर्क को बेनकाब करने में फरीदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से बरामद सामग्री ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। आरोपी के पास से नेपाली सिम कार्ड, भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और संदिग्ध पहचान पत्र मिले हैं, जो इस बात का संकेत दे रहे हैं कि सट्टेबाजी का यह काला कारोबार केवल हार-जीत के दांव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित साइबर और अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय हो सकता है।

पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदपुर पुलिस रोडवेज बस स्टैंड के समीप गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे गिरोह की घेराबंदी की। पुलिस की अचानक छापेमारी से मौके पर भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर तीन संदिग्ध अंधेरे में भागने में सफल रहे, जबकि टीम ने घेराबंदी कर ओमेन्द्र नामक मुख्य आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक आईफोन, 10 हजार रुपये की नकदी के अलावा छह एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, दो आधार कार्ड और दो संदिग्ध पैन कार्ड बरामद किए गए।

सबसे अधिक चौंकाने वाली बात आरोपी के पास से विदेशी (नेपाली) सिम कार्ड का मिलना है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सट्टेबाजी की ट्रांजैक्शन और अपनी पहचान छिपाने के लिए इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरफ्त में आए आरोपी ने कबूल किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में लंबे समय से आईपीएल पर ऑनलाइन दांव लगवाने का काम कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक जुआ अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश के साथ-साथ इस नेटवर्क के वित्तीय स्रोतों और बाहरी संपर्कों की गहराई से पड़ताल कर रही है।

बाइट- अंशिका वर्मा एसपी

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!