Breaking News

बरेली: जिम में महिला सुरक्षा पर डीआईजी का सख्त एक्शन: बरेली रेंज में लागू हुए 6 नए नियम, अनदेखी पर लगेगा गुंडा एक्ट।

जिम में महिला सुरक्षा पर डीआईजी का सख्त एक्शन: बरेली रेंज में लागू हुए 6 नए नियम, अनदेखी पर लगेगा गुंडा एक्ट।

बरेली। सिविल लाइंस स्थित ‘अल्टीमेट फिटनेस जिम’ में एक महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी और ब्लैकमेलिंग की घटना ने पूरे पुलिस प्रशासन को हिला कर रख दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी रेंज अजय कुमार साहनी ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहाँपुर के सभी जिम संचालकों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी कर दी है। डीआईजी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी जिम में इन नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संचालक के विरुद्ध गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के लिए तय किए गए 6 कड़े मानक

नए निर्देशों के अनुसार, अब हर जिम के प्रवेश द्वार, रिसेप्शन और वर्कआउट एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा, जिसकी कम से कम 30 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी। महिला सदस्यों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अनिवार्य किया गया है कि उन्हें केवल महिला ट्रेनर ही प्रशिक्षण देंगी और पुरुष ट्रेनर की मौजूदगी में महिला स्टाफ का होना जरूरी होगा। इसके अलावा, जिम के प्रत्येक कर्मचारी और ट्रेनर का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। बिना सत्यापन के किसी भी स्टाफ को काम पर नहीं रखा जा सकेगा।

सप्लीमेंट और ड्रिंक देने पर पूर्ण प्रतिबंध

अक्सर जिम में सप्लीमेंट के नाम पर अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें आती हैं, जिसे देखते हुए अब कोई भी जिम संचालक या ट्रेनर किसी भी सदस्य को कोई ड्रिंक, सप्लीमेंट या वेट लॉस प्रोडक्ट नहीं दे सकेगा। साथ ही, जिम आने वाले हर सदस्य का पूर्ण विवरण जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर और आईडी प्रूफ एक रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर जिम में एक शिकायत पेटी लगाई जाएगी, जिसकी चाबी संबंधित पुलिस विभाग के पास सुरक्षित रहेगी।

क्या था पूरा मामला?

यह सख्त कदम बरेली के ‘अल्टीमेट फिटनेस जिम’ में हुई उस शर्मनाक घटना के बाद उठाया गया है, जहाँ जिम संचालक अकरम बेग और आलम बेग ने एक महिला डॉक्टर को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि, दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अब चारों जिलों की पुलिस टीमें जिमों की रैंडम चेकिंग करेंगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!