Breaking News

बहेड़ी में राइस मिलर्स के लिए कार्यशाला, फोर्टिफिकेशन व सुरक्षित भंडारण पर जोर। 

बहेड़ी में राइस मिलर्स के लिए कार्यशाला, फोर्टिफिकेशन व सुरक्षित भंडारण पर जोर। 

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली/बहेड़ी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की पहल पर बहेड़ी में राइस मिल संचालकों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। बहेड़ी राइस मिल संगठन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में चावल की गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित मानकों को लेकर मिलर्स को विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में तथा संगठन के अध्यक्ष नईम अहमद की देखरेख में संपन्न हुआ।

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने चावल के फोर्टिफिकेशन, सुरक्षित भंडारण, उचित रखरखाव और वैज्ञानिक पैकेजिंग के तरीकों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों ने बताया कि चावल को हमेशा साफ-सुथरे और सुरक्षित स्थान पर ही रखा जाना चाहिए, जिससे उसमें कीट या फफूंद न लग सके। साथ ही भंडारण स्थल का संतुलित तापमान बनाए रखना भी जरूरी बताया गया।

फोर्टिफाइड चावल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका मानक अनुपात 99:1 निर्धारित है और पैकेजिंग पर ‘+F’ चिन्ह का होना अनिवार्य है। इसके अलावा भंडारण स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और श्रमिकों द्वारा बीड़ी-सिगरेट के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित न हो।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन मानकों की अनदेखी की गई तो जांच के दौरान संबंधित राइस मिलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी संचालकों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में संगठन के अध्यक्ष नईम अहमद ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम राइस मिलर्स को जागरूक करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर रियाज उल कमर, हाजी अब्दुल खालिक, तहसील प्रिंस, अलीम नेशनल, नदीम साबरी, बाबू डायमंड, रियाजुल हैदरी, मोहम्मद इंतखाब, आरिफ, काशिफ ताज सहित कई राइस मिल संचालकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा।

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा। संवाददाता, वसीम …