Breaking News

चंदौली में व्यापारी सम्मेलन व होली मिलन समारोह आयोजित, 151 व्यापारियों को ‘व्यापार गौरव सम्मान।

चंदौली में व्यापारी सम्मेलन व होली मिलन समारोह आयोजित, 151 व्यापारियों को ‘व्यापार गौरव सम्मान।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

चंदौली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जनपद चंदौली इकाई की ओर से नगर पंचायत स्थित शुभम लॉन में व्यापारी सम्मेलन व होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के व्यापारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही और इसे व्यापारियों का महासंगम माना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री रमेश अग्रहरि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के चंदौली आगमन पर नगर में उनका भव्य स्वागत किया गया। करीब 80 कारों और मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ उन्हें खुली जीप में नगर भ्रमण कराया गया, जहां जगह-जगह व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न 22 बाजारों के 151 प्रतिष्ठित व्यापारियों को जिलाध्यक्ष द्वारा ‘व्यापार गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और करोड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है और किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री रमेश अग्रहरि ने भी कहा कि व्यापारी चाहे छोटा हो या बड़ा, उसका सम्मान होना चाहिए क्योंकि वह देश की आर्थिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी है।

जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि जनपद के व्यापारी आज संगठित और मजबूत हैं। यदि किसी भी अधिकारी द्वारा किसी व्यापारी के साथ अन्याय किया जाता है तो संगठन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केसरी, प्रांतीय उपाध्यक्ष मंसूर आलम, जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल, सहित कई पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मंच पर मौजूद रहे।

समारोह में जिले के विभिन्न बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए 1000 से अधिक व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम शाम छह बजे से शुरू होकर देर रात तक चलता रहा। इस दौरान सम्मान पत्र प्राप्त कर व्यापारी काफी उत्साहित नजर आए।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!