Breaking News

शाहजहांपुर: नगर निगम बोर्ड बैठक में करोड़ों रुपये के विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी।

नगर निगम बोर्ड बैठक में करोड़ों रुपये के विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में नगर निगम की बोर्ड बैठक में महानगर के विकास से जुड़े करोड़ों रुपये के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक नगर निगम द्वारा विकास भवन सभागार में महापौर अर्चना वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रारंभिक अवशेष 5000 लाख रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आय 42586.91 लाख रुपये और अनुमानित व्यय 41575.25 लाख रुपये के बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।

बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, आबादी के अनुसार कर्मचारियों की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अतिक्रमण हटाने से संबंधित सुझाव और प्रस्ताव रखे। महापौर अर्चना वर्मा ने सभी सुझावों पर सहमति जताते हुए उन्हें अमल में लाने का आश्वासन दिया।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि महानगर के वार्डों में जनसंख्या एवं क्षेत्रफल के अनुसार नगर निगम कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो सके। उन्होंने सड़कों, फुटपाथों और नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा पुनः अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में कम से कम एक हजार रुपये के जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने गौशालाओं की नियमित मॉनिटरिंग, नाले-नालियों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों को गंभीरता से लागू करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराने की अपील भी की गई।

बैठक में महापौर अर्चना वर्मा, सांसद लोकसभा अरुण कुमार सागर, सांसद राज्यसभा मिथिलेश कुमार, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, कार्यकारिणी समिति के उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य, समस्त पार्षदगण, नगर आयुक्त डॉ बिपिन कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त श्रीमती संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!