Breaking News

बरेली में सनसनीखेज पूजा राणा हत्याकांड का खुलासा, आरोपी मुठभेड़ में घायल, कई राज हुए बेनकाब।

बरेली में सनसनीखेज पूजा राणा हत्याकांड का खुलासा, आरोपी मुठभेड़ में घायल, कई राज हुए बेनकाब।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के दुर्गा नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा राणा पुत्री प्रेम सिंह की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर शव को तीन फीट गहरे गड्ढे में दफन करने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटी को परिवार शादी के एक कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर खुशी-खुशी घर से विदा कर रहा था, वही कुछ घंटों में मौत की नींद सुला दी गई।

परिजनों के अनुसार पूजा 12 जनवरी को अपनी मां महेंद्र देवी और बहन शालिनी से यह कहकर घर से निकली थी कि वह एक शादी के इवेंट में जा रही है। अगले दिन जब पिता प्रेम सिंह ने उसका हालचाल जानने के लिए फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मजबूरन परिजनों ने थाना बारादरी में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पूजा एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने रिठौरा निवासी विमल कुमार पुत्र स्वर्गीय नाथूलाल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूजा की हत्या कर शव को केसीएमटी कॉलेज के पीछे नहर किनारे खेत में गड्ढा खोदकर दफन करने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर देर रात करीब दो बजे खुदाई कर शव बरामद किया गया। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

मृतका के पिता प्रेम सिंह का आरोप है कि पूजा के पास उसकी स्कूटी, तीन अंगूठियां, दो चेन, एक पेंडल और कुंडल थे, जो गायब हैं। उनका कहना है कि लूट के इरादे से मफलर से गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या की गई है।

वहीं पुलिस सूत्रों का मानना है कि मामला प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद से भी जुड़ा हो सकता है, क्योंकि आरोपी का पूजा के परिवार के यहां आना-जाना था।

जांच में यह भी सामने आया है कि पूजा इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करती थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पैसों के लेन-देन और शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने पूजा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को नकटिया नदी के जंगल क्षेत्र में दबाया और मृतका की स्कूटी को पीलीभीत की बड़ी नहर में फेंक दिया।

मुठभेड़ में आरोपी घायल

23 जनवरी को पुलिस आरोपी विमल कुमार को मृतका की स्कूटी और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस अभिरक्षा में लेकर गई थी। पुलिस ने पीलीभीत से स्कूटी बरामद कर ली। इसके बाद मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आरोपी को थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के बीडीए रामगंगा कॉलोनी लाया गया।

इसी दौरान आरोपी ने पहले से छुपाकर रखे गए लोडेड तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। मौके से एक अवैध तमंचा और 315 बोर का खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया गया।

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच तेज कर दी है। यह हत्या लूट की साजिश थी या भरोसे और रिश्तों की आड़ में रची गई खौफनाक कहानी—इसका पूरा सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

लेकिन पूजा राणा की दर्दनाक मौत ने पूरे बरेली में आक्रोश, दर्द और कई अनसुलझे सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

फाइल फोटो 

बाइट – मानुष पारिक एसपी सिटी बरेली

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!