Breaking News

बदायूं: कन्या भ्रूण होने पर हैवानियत! कथित जबरन गर्भपात के बाद महिला की मौत, बदायूं में मचा हड़कंप।

 

कन्या भ्रूण होने पर हैवानियत! कथित जबरन गर्भपात के बाद महिला की मौत, बदायूं में मचा हड़कंप।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूं। जनपद से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला की कथित तौर पर जबरन गर्भपात कराए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि पेट में कन्या भ्रूण होने की जानकारी मिलने के बाद ससुराल पक्ष ने यह अमानवीय कदम उठाया। हालत बिगड़ने पर महिला को बरेली के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और सनसनी का माहौल है।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के मल्लाहपुर गांव निवासी विजेंद्र सिंह ने लगभग ढाई वर्ष पूर्व अपनी 25 वर्षीय बेटी किरन की शादी उझानी थाना क्षेत्र के सामंती नगला निवासी राहुल पुत्र दलबीर सिंह से की थी। शादी के बाद किरन ने एक बेटी को जन्म दिया था। करीब तीन महीने पहले वह दोबारा गर्भवती हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने अवैध रूप से एक निजी डॉक्टर से अल्ट्रासाउंड कराया, जिसमें पेट में कन्या भ्रूण होने की जानकारी मिली। इसके बाद किरन पर दबाव बनाकर जबरन गर्भपात करा दिया गया।

गर्भपात के बाद किरन की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। पहले स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान किरन ने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बरेली पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, कन्या भ्रूण होने के कारण जबरन गर्भपात कराने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का कहना है कि बेटी के साथ ससुराल में लगातार अत्याचार होता रहा और बेटी होने के बाद से ही उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। दूसरी बार गर्भवती होने पर भी परिवार खुश होने की बजाय बेटे की चाह में उसकी जान से खेलने पर उतर आया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि समाज की उस कड़वी सच्चाई को भी उजागर करता है, जहां आज भी कन्या को बोझ समझा जाता है। एक बेटी को जन्म देने वाली मां को ही मौत के घाट उतार देने की यह घटना पूरे समाज के लिए शर्मनाक और सोचने पर मजबूर करने वाली है।

फाइल फोटो 

बाइट- मृतका का भाई

 

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!