Breaking News

बलरामपुर में जमीन विवाद को लेकर सपा विधायक पर गंभीर आरोप, पीड़ित महिला ने डीएम से मांगी सुरक्षा।

बलरामपुर में जमीन विवाद को लेकर सपा विधायक पर गंभीर आरोप, पीड़ित महिला ने डीएम से मांगी सुरक्षा।

गुलाम नबी कुरैशी

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद की गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव पर एक महिला द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित महिला संघमित्रा गौतम ने जिलाधिकारी बलरामपुर को शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

महिला का आरोप है कि उसने गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर स्थित गाटा संख्या 765/055, रकबा लगभग 15 डिसमिल भूमि को विधिवत रूप से क्रय किया था। उक्त भूमि पर वह आवास निर्माण की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर विधायक राकेश यादव, उनके परिजनों एवं सहयोगियों द्वारा दबंगई के बल पर प्लॉट पर मिट्टी डलवाकर बाउंड्री कर दी गई और जमीन पर कब्जा कर लिया गया।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस अवैध कब्जे का विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज की गई, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग हुआ और जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के बाद वह मानसिक रूप से भयभीत है और उसे अपने तथा परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है।

संघमित्रा गौतम के अनुसार, उसने इस संबंध में पहले भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कथित राजनीतिक प्रभाव के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। महिला का दावा है कि उसने उच्च न्यायालय में भी याचिका दायर की थी, जहां से आदेश पारित होने के बावजूद अब तक अवैध कब्जा नहीं हटाया गया है।

शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि उसके पास जमीन से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं तथा सीमांकन भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद कथित दबंगों द्वारा कब्जा बनाए रखा गया है। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि उसके प्लॉट को कब्जामुक्त कराया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो और उसे आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

मामले के सामने आने के बाद जनपद के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों की ओर से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और प्रकरण की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उधर, इस पूरे मामले में सपा विधायक राकेश यादव से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

बाइट- पीड़िता 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!