Breaking News

रिश्वतखोरी में सहसवान नगर पालिका का ड्राफ्टमैन रंगे हाथों गिरफ्तार, अधिशासी अधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में।

रिश्वतखोरी में सहसवान नगर पालिका का ड्राफ्टमैन रंगे हाथों गिरफ्तार, अधिशासी अधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में।

सहसवान (बदायूं)। नगर पालिका परिषद सहसवान में बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्राफ्टमैन अंसार हुसैन को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उस पर आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य की फाइल पास करने और तकनीकी स्वीकृति देने के लिए वह कुल 20 हजार रुपये का कमीशन मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार स्थानीय वार्ड के एक सभासद ने एंटी करप्शन टीम, बरेली शाखा से इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। सभासद का आरोप है कि ड्राफ्टमैन अंसार हुसैन लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि ड्राफ्टमैन ने 35% तय कमीशन और 3% अतिरिक्त राशि की मांग का हवाला देते हुए कुल लगभग 21 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत 20 हजार रुपये पर तय होने के बाद सभासद ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन विभाग को कर दी।

एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी को पहले चरण में आठ हजार रुपये दिए और शेष राशि शाम को देने का बहाना बनाकर वहां से हट गए। जैसे ही ड्राफ्टमैन ने आठ हजार रुपये स्वीकार किए, टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।

मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया।

अधिशासी अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध, जांच शुरू।

शिकायतकर्ता सभासद ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि ड्राफ्टमैन और अधिशासी अधिकारी दोनों मिलकर कमीशन तय करते हैं और फाइलों पर स्वीकृति इन्हीं की सहमति से आगे बढ़ती है। इस आरोप को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम अब अधिशासी अधिकारी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

प्राथमिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि फाइल पासिंग में अनियमितताओं का बड़ा खेल चल रहा था, जिसे लेकर विभाग अब विस्तृत जांच करेगा।

एंटी करप्शन विभाग पकड़े गए ड्राफ्टमैन अंसार हसैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। टीम ने उठाए गए दस्तावेज और जब्त की गई राशि को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!