Breaking News

कासगंज में हजारा नहर में डूबे युवक की तलाश 19 घंटे बाद भी जारी, गोताखोर और पीएसी जुटे।

कासगंज में हजारा नहर में डूबे युवक की तलाश 19 घंटे बाद भी जारी, गोताखोर और पीएसी जुटे।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। जिले के नदरई स्थित हजारा नहर पिकनिक पॉइंट पर शुक्रवार शाम नहाते समय डूबे 21 वर्षीय युवक देवराज सिंह का शनिवार को 19 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। मारहरा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के रहने वाले देवराज की तलाश के लिए पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की टीमें लगातार नहर में अभियान चला रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवराज सिंह शुक्रवार को अपने चार साथियों अंशुल प्रताप, सुमित कुमार, अनुज कुमार और रंजीत कुमार के साथ नदरई नहर घूमने पहुंचा था। इनमें से रंजीत को छोड़कर देवराज समेत चार युवक नहर में नहाने के लिए पानी में उतरे थे। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे नहाने के दौरान देवराज अचानक गहरे पानी में चला गया। साथियों के मुताबिक, वह कुछ दूर तक तैरता हुआ दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। दोस्तों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे कामयाब नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शनिवार को भी तलाश जारी है, लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लड कंपनी की टीम को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।

घटनास्थल पर डूबे युवक के परिजन लगातार मौजूद हैं। हादसे के इतने घंटे बाद भी कोई जानकारी न मिलने से माता-पिता और भाई-बहनों की चिंता बढ़ती जा रही है। पिता वीरपाल सिंह, बड़े भाई कैलाशचंद्र और छोटी बहन पिंकी कुमारी समेत सभी परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं और उसके सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से नहर में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।

Spread the love

Check Also

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत।

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत। संवाददाता, …