Breaking News

कासगंज में ऑनर किलिंग से दहला इलाका, परिजनों पर बेटी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप।

कासगंज में ऑनर किलिंग से दहला इलाका, परिजनों पर बेटी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप।

हत्या के बाद श्मशान घाट में जलाया गया शव, पुलिस ने जली चिता से निकाले अवशेष।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद के ढोलना कोतवाली क्षेत्र के गांव घिनौना नगला ढाके से ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग के चलते नाबालिग बेटी की उसके ही परिजनों द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप है। हत्या के बाद परिजनों ने शव को श्मशान घाट में ले जाकर जला दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग बीते 9 जनवरी को अपने 18 वर्षीय प्रेमी सचिन के साथ घर से चली गई थी। परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की और बीती शाम उन्हें आगरा से पकड़कर गांव ले आए। आरोप है कि रात के समय परिजनों ने नाबालिग लड़की के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद परिजनों ने बिना किसी को सूचना दिए शव को श्मशान घाट में ले जाकर जला दिया। सुबह किसी ग्रामीण ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और श्मशान घाट में जली चिता से मृतका के अवशेष बरामद किए।

घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं आरोपी परिजन घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के प्रेमी सचिन और उसके बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह प्रथम दृष्टया ऑनर किलिंग का मामला प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मृतका के अवशेषों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर व्याप्त कट्टर सोच और नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कासगंज में हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …