Breaking News

लखीमपुर खीरी: देशभर में कड़ा सत्यापन शुरू, नियमों का पालन न करने वाले हजारों सीएससी केंद्र बंद। 

देशभर में कड़ा सत्यापन शुरू, नियमों का पालन न करने वाले हजारों सीएससी केंद्र बंद। 

मोहम्मद असलम, संवाददाता 

लखीमपुर खीरी। सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अधिकृत सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के अंतर्गत संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) केंद्रों का देशभर में गहन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड की घटनाओं को देखते हुए यह कदम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

सीएससी प्रबंधन द्वारा जिला एवं राज्य स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से केंद्रों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इस अभियान के तहत सीएससी केंद्र संचालकों को आवश्यक दस्तावेज जैसे –

  • केंद्र संचालन प्रमाण,
  • रेट लिस्ट,
  • सीएससी ब्रांडिंग,
  • पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र (PCC)

जमा करना अनिवार्य किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, देशभर में अब तक हजारों ऐसे सीएससी केंद्र बंद कर दिए गए हैं, जिन्होंने तय समयसीमा में आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए। इसके अलावा जो केंद्र लंबे समय से निष्क्रिय पाए गए या स्थापित होने के बावजूद संचालित नहीं हो रहे थे, उनकी सीएससी आईडी भी निष्क्रिय कर दी गई है।

इस संबंध में सीएससी के जिला प्रबंधक विवेक कुमार अस्थाना ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के कुल 62 सीएससी केंद्रों को पुनरीक्षण के तहत बंद किया गया है। इनमें से अब तक 8 सीएससी केंद्रों का सफलतापूर्वक सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष केंद्रों का सत्यापन प्रक्रिया में है।

उन्होंने बताया कि सीएससी केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को बिजली बिल भुगतान, प्रधानमंत्री योजनाएं, पैन कार्ड, पासपोर्ट सेवाएं, बीमा, ई-डिस्ट्रिक्ट, यूसीएल, बैंकिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में इन केंद्रों का पूरी तरह वैध और पारदर्शी होना बेहद आवश्यक है।

अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य न सिर्फ डिजिटल फ्रॉड पर रोक लगाना है, बल्कि आम जनता का डिजिटल सेवाओं पर भरोसा और अधिक मजबूत करना भी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!