Breaking News

बदायूँ जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, स्ट्रेचर के अभाव में चारपाई पर लाया गया मरीज।

बदायूँ जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, स्ट्रेचर के अभाव में चारपाई पर लाया गया मरीज।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूं। बदायूं जनपद में स्वास्थ्य विभाग की लचर और संवेदनहीन व्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है। जिला अस्पताल से सामने आई यह तस्वीर किसी एक मरीज की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की बदहाली की कहानी बयां कर रही है। यहां मरीज को अस्पताल तक चारपाई पर लाना पड़ा, क्योंकि अस्पताल में उसे लाने-ले जाने के लिए जरूरी स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराए गए।

नियमों के अनुसार किसी भी मरीज के अस्पताल पहुंचते ही वार्ड बॉय, अटेंडर स्टाफ और जिम्मेदार कर्मचारियों की यह ड्यूटी होती है कि वे तुरंत स्ट्रेचर उपलब्ध कराएं, मरीज को सुरक्षित रूप से इमरजेंसी कक्ष तक पहुंचाएं और फिर आवश्यक उपचार के लिए वार्ड में भर्ती कराएं। लेकिन बदायूँ जिला अस्पताल में यह व्यवस्था पूरी तरह से फेल नजर आई।

परिजन मरीज की जान बचाने के लिए जैसे-तैसे वाहन की व्यवस्था कर चारपाई सहित अस्पताल तक तो पहुंच गए, लेकिन वहां पहुंचने के बाद भी उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। मजबूरी में मरीज को चारपाई पर ही इमरजेंसी कक्ष तक ले जाना पड़ा। यह दृश्य अस्पताल प्रशासन की असंवेदनशीलता और लापरवाही को साफ तौर पर उजागर करता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बदायूँ जिला अस्पताल अब बदइंतजामी, बदतमीजी और अवैध उगाही के लिए बदनाम होता जा रहा है। मरीजों और उनके परिजनों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ती है। स्ट्रेचर, व्हीलचेयर और अटेंडेंट जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं तक समय पर नहीं मिलतीं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। जब एक गंभीर मरीज को चारपाई पर अस्पताल लाना पड़े और वहीं उसी चारपाई पर इमरजेंसी तक ले जाना पड़े, तो यह स्वास्थ्य सेवाओं पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मामले को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कब तक संज्ञान लेता है और जिम्मेदार कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!