Breaking News

बलुआ गंगा पुल से कूदने वाले युवक का शव तीसरे दिन बरामद, बाइक से मिला सुसाइड नोट। 

बलुआ गंगा पुल से कूदने वाले युवक का शव तीसरे दिन बरामद, बाइक से मिला सुसाइड नोट। 

संवाददाता, आकाश शर्मा

चन्दौली। जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआ गंगा पुल से शुक्रवार की रात्रि में छलांग लगाने वाले अज्ञात युवक का शव रविवार को महुअरकला गांव के समीप गंगा किनारे उतराया हुआ मिला। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई मोटरसाइकिल की तस्वीर के आधार पर बलुआ थाने पहुंचे परिजनों ने मृतक के शव की शिनाख्त की। मृतक की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर निवासी 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर पुत्र जुलाब राजभर के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ट्रक मैकेनिक था। प्राप्त विवरण के अनुसार, शुक्रवार की रात एक अज्ञात युवक बलुआ पुल पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर, जेब से पर्स निकालकर गाड़ी पर रख दिया और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। पीछे से आ रहे राहगीरों ने जब यह खौफनाक नजारा देखा तो मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह तत्काल पुलिस बल और स्थानीय प्राइवेट गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और नावों के जरिए नदी में व्यापक खोजबीन कराई, लेकिन रात के अंधेरे और तेज बहाव के कारण युवक का कहीं सुराग नहीं लग सका था।

घटना के तीसरे दिन यानी रविवार को स्थानीय ग्रामीणों ने महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे एक शव को बहते हुए देखा, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। बलुआ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की मोटरसाइकिल से एक पर्स और एक पत्र (सुसाइड नोट) बरामद हुआ है, जिसमें ‘पूजा’ नाम की किसी युवती का जिक्र किया गया है। बलुआ पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, और ऐसा लगता है कि किसी बात से क्षुब्ध होकर ही युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। दूसरी ओर, शिनाख्त के बाद बलुआ थाने पहुंचे परिजनों ने प्रेम प्रसंग जैसी किसी भी बात की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का कहना था कि वे लोग खुद बीते तीन दिनों से युवक की लगातार खोजबीन कर रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि रामप्रसाद शुक्रवार की शाम को घर से यह कहकर निकला था कि वह चिकन लेने जा रहा है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!