Breaking News

शाहजहांपुर: ई-रिक्शा में सक्रिय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश: 4 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार, लाखों के जेवर और चाकू बरामद।

ई-रिक्शा में सक्रिय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश: 4 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार, लाखों के जेवर और चाकू बरामद।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर। जनपद में ई-रिक्शा में सवार होकर महिलाओं के बैग से कीमती जेवर उड़ाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जलालाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त घेराबंदी में बझेड़ा भट्टे के पास से 4 शातिर महिलाओं सहित कुल 7 आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात, दो अवैध चाकू, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक अपाचे बाइक बरामद की है। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।

पकड़ा गया यह गिरोह ई-रिक्शा में सामान्य यात्रियों की तरह सवार होता था और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अन्य महिला यात्रियों के बैग से सोने के झाले, अंगूठी, मंगलसूत्र और नगदी पार कर देता था। गिरोह की सरगर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विरोध करने पर ये अपराधी चाकू दिखाकर धमकाने से भी बाज नहीं आते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने जलालाबाद क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों को स्वीकार किया है, जिसमें मार्च और अप्रैल माह में महिलाओं के पर्स से भारी मात्रा में आभूषण गायब किए गए थे। बरामद माल में सोने की तीन अंगूठियां, मंगलसूत्र, झाले, ओम पेंडल और भारी मात्रा में चांदी की पायलें व कड़े शामिल हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लक्ष्मी, नीतू, मुस्कान, पुष्पा, गौतम, बादल और आकाश के रूप में हुई है, जो पुवायां और एटा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गिरोह की मुख्य सरगना लक्ष्मी पर हरदोई और शाहजहाँपुर के विभिन्न थानों में पहले से ही 5 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के सख्त निर्देशों पर हुई इस प्रभावी कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और पूर्व में की गई अन्य वारदातों की भी पड़ताल कर रही है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!