Breaking News

शाहजहांपुर: जलालाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया बड़ा ऐलान—अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा जलालाबाद।

शाहजहांपुर: जलालाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया बड़ा ऐलान—अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा जलालाबाद।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर जनपद की जलालाबाद तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक भगवान परशुराम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के महंत सत्यदेव पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन संपन्न कराया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने नैमिषारण्य से पधारे संस्कृत विद्यालय के बटुकों के माथे पर तिलक लगाया, उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और दक्षिणा देकर सम्मानित किया। साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान रामताल मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसे संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने ऐलान किया कि भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली अब आधिकारिक तौर पर ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों को उनके गौरवशाली अतीत और महापुरुषों की पहचान के अनुरूप ही सम्मान मिलना चाहिए।

डिप्टी सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में क्रांतिकारी सुधार हुए हैं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे जलालाबाद क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिली है और आज यूपी देश का अग्रणी राज्य बनता जा रहा है।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और कहा कि सरकार इस स्थल को एक भव्य और आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, स्थानीय विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की चिरप्रतीक्षित मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने भविष्य में तहसील और विधानसभा क्षेत्र का नाम भी परशुरामपुरी किए जाने की उम्मीद जताई।

कार्यक्रम के दौरान महापौर अर्चना वर्मा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर और भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा सहित तमाम जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, सदर बाजार पुलिस ने भेजा जेल।

शाहजहांपुर: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, सदर बाजार पुलिस ने भेजा जेल। …

error: Content is protected !!