Breaking News

शाहजहांपुर: राष्ट्रीय पर्वों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और पूरे मनोयोग से मनाएं : सीडीओ।

राष्ट्रीय पर्वों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और पूरे मनोयोग से मनाएं : सीडीओ।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाए जाने को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह हमारे देश के प्रति सम्मान, समर्पण और कर्तव्य भावना को दर्शाने का अवसर होता है। सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं संभ्रांत नागरिक मिलकर इन पर्वों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और पूरे मनोयोग से मनाएं।

नगर मजिस्ट्रेट द्वारा गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एक सप्ताह पूर्व ही सुनिश्चित कर ली जाए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में गणतंत्र दिवस का आयोजन भव्य रूप से किया जाए तथा बच्चों को महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान के बारे में जानकारी दी जाए।

बताया गया कि गणतंत्र दिवस एवं उत्तर प्रदेश दिवस से जुड़े कार्यक्रम 23 जनवरी से प्रारंभ होकर 26 जनवरी तक लगातार आयोजित किए जाएंगे। सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे संपन्न होगा। इसके अलावा वृद्ध आश्रम, कुष्ठ आश्रम आदि स्थानों पर फल वितरण एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित कराए जाएंगे।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!