Breaking News

सहसवान: सैफुल्लागंज मार्ग पर गंदे पानी का सैलाब, लोगों की परेशानी देख खुद मौके पर पहुंचे एसडीएम।

सैफुल्लागंज मार्ग पर गंदे पानी का सैलाब, लोगों की परेशानी देख खुद मौके पर पहुंचे एसडीएम।

जलभराव से त्रस्त जनता, एसडीएम ने नाले के शीघ्र निस्तारण के दिए सख्त निर्देश।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

सहसवान (बदायूं)। नगर के मोहल्ला सैफुल्लागंज सहित दो दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों गंदे पानी से लबालब भरा हुआ है। जलभराव के कारण लोगों को कीचड़ और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे आमजन का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बाद नगर पालिका द्वारा नाले का निर्माण तो कराया गया, लेकिन सैफुल्लागंज मोहल्ले में प्रवेश करते ही गंदे पानी का भराव गंभीर समस्या बना हुआ है। इस रास्ते से स्कूली बच्चे, अधिवक्ता, दुकानदार और आसपास के ग्रामीण रोजाना गुजरते हैं, जिन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ समय पहले इसी जलभराव वाले मार्ग पर करंट लगने से एक किसान के दो बैलों की मौत भी हो चुकी है। आए दिन लोग फिसलकर गंदे पानी में गिर जाते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी बना हुआ है।

लगातार शिकायतों के बाद शुक्रवार को अधिवक्ताओं और मोहल्लेवासियों के साथ उप जिलाधिकारी सहसवान साईं आश्रित साकुरी को ज्ञापन सौंपा गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और सैफुल्लागंज मार्ग तथा स्टेट बैंक के आसपास बने नाले का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि नाले की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, सफाई निरीक्षक अब्दुल फरीद खान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान कर सड़क और नाले को दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से मुक्ति मिल सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!