Breaking News

राम जन्म के मंचन के साथ रामलीला का शुभारंभ, जयकारों से गूंजा रामगढ़।

राम जन्म के मंचन के साथ रामलीला का शुभारंभ, जयकारों से गूंजा रामगढ़।

घूरेलाल कन्नौजिया, ब्यूरो चीफ चन्दौली 

चहनिया, चन्दौली। क्षेत्र के रामगढ़ में 152 वर्षों से चली आ रही सुप्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ इस वर्ष भी रविवार की शाम धूमधाम से किया गया। चौदह दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत मुख्य अतिथि तथा लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामगढ़ के संस्थापक व प्रबंधक धनंजय सिंह ने फीता काटकर और प्रभु श्रीराम की पारंपरिक आरती उतारकर की।

धनंजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि “प्रभु श्रीराम भारतवासियों के आराध्य देव हैं। उनका जीवन मर्यादा, पुरुषार्थ और समर्पण का आदर्श प्रस्तुत करता है। रामलीला हमारी धर्म-संस्कृति और विरासत का प्रतीक है, जिसे हमें संजोकर रखना चाहिए।”

रामलीला के पहले दृश्य में रावण और राक्षसों के अत्याचार से व्यथित पृथ्वी देवताओं से प्रार्थना करती है। देवताओं की विनती पर भगवान विष्णु के अवतार की भूमिका दिखाई जाती है। इसके बाद दशरथ के संतान न होने की पीड़ा, श्रृंगी ऋषि द्वारा पुत्रकामेष्टि यज्ञ, यज्ञ से अग्निदेव का प्रकट होकर खीर देना और रानियों द्वारा खीर ग्रहण करने का दृश्य मंचित हुआ।

इसके बाद “भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला” जैसे भजनों की धुन के बीच प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मंचित किया गया। कौशल्या द्वारा बाल स्वरूप में श्रीराम की आराधना और अयोध्या में चारों राजकुमारों के जन्म की खुशी दर्शकों के मन को भावविभोर कर गई। ग्रामीण महिलाओं ने सोहर और बधाई गीत गाकर उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया।

बाल स्वरूप भगवान राम से मिलने भगवान शंकर योगी का वेश धारण कर मंच पर आए, तत्पश्चात गुरु वशिष्ठ द्वारा चारों भाइयों का नामकरण और शिक्षा-दीक्षा हेतु आश्रम प्रस्थान का मंचन हुआ। इन मनमोहक झांकियों को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्यजन मौजूद रहे, जिनमें राजेंद्र मिश्र, व्यास शोभनाथ पांडेय, व्यास राधेश्याम पांडेय, श्यामलाल सिंह, सारनाथ पांडेय, पप्पू माली, शैलेन्द्र सिंह बबलू, अकरम अली, मुहम्मद रफीक, प्रभुनाथ पांडेय, सुधींद्र पांडेय, रमेश सिंह फौजी, रविन्द्र सिंह, ऋषिकेश यादव, राकेश यादव, अर्पित पांडेय, डॉ. सूतप राय (बंगाल), मुलायम यादव, घुरहू गोंड और राजेश गुप्ता शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!