Breaking News

बिल्सी में रोडवेज बस स्टैंड के पास कूड़े के ढेर से राहगीर परेशान, ईओ ने दिए जांच के आदेश।

बिल्सी में रोडवेज बस स्टैंड के पास कूड़े के ढेर से राहगीर परेशान, ईओ ने दिए जांच के आदेश।

संवाददाता, हिमांशु शाक्य 

बिल्सी, बदायूं: नगर के नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड के निकट नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे डाले जा रहे कूड़े के कारण मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण राहगीरों का वहां से निकलना और सांस लेना तक दूभर हो गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन से सड़क किनारे कूड़ा न डालने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सफाई कर्मचारी लगातार इसी स्थान पर कूड़ा फेंक रहे हैं।

स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम शाक्य, कमलेश शर्मा, सोनू माथुर, गंगा दयाल, रणधीर माथुर, नन्हे लाल, रवि कुमार और विकास कुमार आदि ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के आसपास प्रतिदिन कूड़ा एकत्र होने से वहां गंदगी का अंबार लगा रहता है। इस अस्वच्छ माहौल और बिखरे हुए कूड़े के कारण राहगीरों को आवागमन में भी काफी परेशानी होती है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल प्रभाव से इस कूड़े को हटवाने और भविष्य में सड़क किनारे कूड़ा डाले जाने पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।

इस संबंध में जब नगर पालिका के ईओ वेदप्रकाश यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। सड़क किनारे जो भी सफाई कर्मचारी कूड़ा डालता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई समाधान की मांग।

गंजडुंडवारा में झुका बिजली का पोल बना खतरा, सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने उठाई …