Breaking News

इलाज के दौरान महिला की मौत से भड़का आक्रोश, फ्रैक्चर क्लिनिक पर परिजनों का हंगामा।

इलाज के दौरान महिला की मौत से भड़का आक्रोश, फ्रैक्चर क्लिनिक पर परिजनों का हंगामा।

चहनियां, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां सिंगहा स्थित मां शक्ति फैक्चर क्लिनिक पर सोमवार को इलाज के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार तारागांव अजगरा निवासी विजय प्रकाश मौर्य की पत्नी पूनम देवी शनिवार को अपने भाई बाल बिंदर के साथ मायके महेशी जा रही थीं। लक्ष्मणगढ़ के पास हाइवे निर्माण स्थल के समीप बाइक से गिरने के कारण पूनम के सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए पास स्थित मां शक्ति फैक्चर क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टर ने इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया।

परिजनों का आरोप है कि हालत में सुधार न होने पर भी डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर रेफर करने के बजाय केवल सीटी स्कैन कराकर इलाज जारी रखा। सोमवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और क्लिनिक पर हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि डॉक्टर बार-बार रुपये की मांग करते रहे और गंभीर स्थिति के बावजूद उन्हें गुमराह किया गया।

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनते हुए शव को कब्जे में लेकर गांव भेजवाया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। मौके पर पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गांव पहुंचने के बाद परिजनों के बीच सुलह-समझौता हो गया। घटना को लेकर क्षेत्र में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब क्लिनिक केवल फ्रैक्चर उपचार से संबंधित है तो वहां सिर और दिमाग की गंभीर चोट का इलाज कैसे किया गया। मृतका पूनम देवी अपने पीछे 8 वर्षीय पुत्र प्रिंस और 2 वर्षीय पुत्री आर्या को छोड़ गई हैं। महिला की मौत से पति, मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है।

फाइल फोटो 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!