Breaking News

पैगंबर मोहम्मद साहब और पवित्र कुरान पर आपत्तिजनक पोस्ट, आरोपी गिरफ्तार।

पैगंबर मोहम्मद साहब और पवित्र कुरान पर आपत्तिजनक पोस्ट, आरोपी गिरफ्तार।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। मुस्लिम समाज के पवित्र कुरान और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले ने शुक्रवार को शहर का माहौल गरमा दिया। के.के. दीक्षित नामक व्यक्ति द्वारा की गई इस हरकत की जानकारी मिलते ही आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए और थाना सदर बाजार के सामने प्रदर्शन करने लगे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर बाजार प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, पोस्ट की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाना पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों के साथ मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च पर निकले और लोगों से अमन-चैन बनाए रखने की अपील की।

आरोपी की गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिलने के बाद धीरे-धीरे लोग शांत हुए और अपने घरों को लौटने लगे। इसके बावजूद पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही और रात भर गश्त करती रही। पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमती रहीं।

प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से माहौल नियंत्रित हो गया, जिसकी आम नागरिकों ने सराहना की।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!