Breaking News

बदायूं में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 245 जोड़ों की शादी संपन्न।

समरेर और उसावां में 238 जोड़ों ने लिए सात फेरे, सात मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह; विधायक राजीव कुमार सिंह ने दिया आशीर्वाद।

बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को समरेर और उसावां में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 245 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 238 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

समरेर स्थित राजकीय आईटीआई कॉलेज में आयोजित समारोह में 136 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया, जबकि पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। यहां कुल 141 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वहीं, उसावां स्थित स्वर्गीय श्री रामपाल सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह में 102 जोड़ों ने सात फेरे लिए और दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। इस प्रकार उसावां में कुल 104 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।

दोनों समारोहों का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने समारोहों में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक और अच्छे तरीके से संपन्न हो। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को साकार करने में मददगार साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह केवल शादी का आयोजन नहीं, बल्कि अनेक परिवारों की खुशियों और नई उम्मीदों का उत्सव है। पहले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की पढ़ाई और विवाह की चिंता सताती थी, लेकिन अब सरकारी सहायता से जरूरतमंद परिवारों को सहारा मिल रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को बधाई देते हुए उनके जीवन में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान और खुशहाली की कामना की।

एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति नवविवाहित जोड़े पर एक लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय तथा शेष 64 हजार रुपये वधू के खाते में भेजे जाते हैं।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, ब्लॉक प्रमुख दातागंज अतेंद्र विक्रम, समरेर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि धीरज सक्सेना, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद दातागंज के अध्यक्ष, उपजिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार, खंड विकास अधिकारी समरेर सतीश सिंह सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, महाराज सिंह और मोअज्जम यार खां सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

26 अक्टूबर को पूनम लॉन में होगा सामूहिक विवाह समारोह

बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 26 अक्टूबर, सोमवार को सुबह सात बजे से बुधवाई रोड स्थित पूनम लॉन में सामूहिक विवाह का वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 300 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Spread the love

Check Also

डीएम ने वेयरहाउस और धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।

मंडी परिसर की सफाई कराने और वेयरहाउस के आसपास का नक्शा तैयार करने के दिए …