Breaking News

बिसौली में मंचित हुई नारद मोह की लीला, अहंकार और मोह से दूर रहने का दिया संदेश।

स्थानीय कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को किया भावविभोर, भक्तिमय हुआ रामलीला मंच।

आई एम खान 

बिसौली। अहंकार और मोह मनुष्य की विवेक शक्ति को हर लेते हैं, जबकि भगवान की लीला के आगे बड़े-बड़े ज्ञानी भी नतमस्तक हो जाते हैं। इसी आध्यात्मिक संदेश को लेकर आदर्श रामलीला कमेटी के रंगमंच पर नारद मोह की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों के सजीव अभिनय और भावपूर्ण संवादों ने दर्शकों को पौराणिक प्रसंग से जोड़ दिया। लीला के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधानपति कुंवरसेन शाक्य ने फीता काटकर किया। मंचन में राजा शीलनिधि के दरबार और उनकी पुत्री विश्वमोहिनी के स्वयंवर की तैयारियों का दृश्य प्रस्तुत किया गया। राजा शीलनिधि की भूमिका निभा रहे मुनेन्द्र सिंह ने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

कथा के अनुसार, नारद मुनि की भूमिका में गिरीश गुप्ता राजा शीलनिधि के दरबार पहुंचे। राजा के आग्रह पर उन्होंने राजकुमारी विश्वमोहिनी की हस्तरेखाएं देखीं। विश्वमोहिनी के रूप को देखकर नारद मुनि स्वयं मोहित हो गए और उनसे विवाह करने की इच्छा पाल बैठे। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीहरि से सुंदर रूप प्रदान करने की प्रार्थना की।

भगवान श्रीहरि की भूमिका में ओमवीर सिंह ने अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया। भगवान की लीला के चलते नारद मुनि को वानर रूप प्राप्त हो गया। वहीं, स्वयंवर में पहुंचे भगवान श्रीहरि ने विश्वमोहिनी से विवाह कर लिया। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।

लीला के माध्यम से संदेश दिया गया कि अहंकार और मोह व्यक्ति के विवेक को प्रभावित कर सकते हैं। मनुष्य को सदैव विनम्र रहकर ईश्वर की महिमा पर विश्वास रखना चाहिए। कलाकारों की प्रस्तुति ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ जीवन में विवेक और विनम्रता के महत्व को भी उजागर किया।

इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ठाकुर, अनेकपाल सिंह, पूर्व प्रधान सूर्य प्रताप, धर्मेंद्र शाक्य, सूरजभान, धीरेंद्र प्रताप, अरविंद तिवारी, ब्रह्मपाल सिंह, शिव सिंह, राठौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानों के लिए सुरक्षा मानक तय, दो दुकानों के बीच रहेगी तीन मीटर की दूरी।

6 से 8 नवंबर तक जारी होंगे अस्थायी दुकानों के लाइसेंस, प्रत्येक क्लस्टर में अधिकतम …