Breaking News

कासगंज: भाई की रक्षा के लिए गंगा में कूदीं दो बहनें, जान बचा ली पर खुद काल के गाल में समा गईं।

भाई की रक्षा के लिए गंगा में कूदीं दो बहनें, जान बचा ली पर खुद काल के गाल में समा गईं।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव मुजफ्फरनगर में मानवता और साहस की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गंगा स्नान के दौरान अपने छोटे भाई को डूबने से बचाने के प्रयास में दो सगी बहनों ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे तो मौत के मुंह से खींच लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में समा गईं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

​घटना के अनुसार, इंद्रपाल कश्यप के तीन बच्चे—16 वर्षीय सलोनी, 14 वर्षीय कोमल और 12 वर्षीय शिवनेश—गंगा स्नान करने गए थे। इसी दौरान छोटा भाई शिवनेश अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगा। भाई की जान संकट में देखकर सलोनी और कोमल ने बिना किसी देरी के पानी में छलांग लगा दी। दोनों ने अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए भाई को तो सकुशल किनारे तक पहुँचा दिया, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई के आगे वे खुद हार गईं।

​आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुँची पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद कोमल को पानी से बाहर निकालकर सीएचसी सहावर भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सलोनी का शव भी बरामद कर लिया गया।

​मृतक बहनों के पिता इंद्रपाल कश्यप प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। सलोनी जीएनएम की तैयारी कर रही थी, जबकि कोमल ने हाल ही में हाईस्कूल पास किया था। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को छीन लिया है। अपनी बेटियों की असमय मौत से परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं। भाई को जीवनदान देने वाली इन बहादुर बहनों के इस बलिदान की चर्चा हर किसी की जुबान पर है, और जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, उसकी आँखें नम हो गईं।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!