Breaking News

कासगंज: कांवड़ यात्रा के दौरान कासगंज में बदलेगा यातायात, 30 जुलाई से लागू होगा डायवर्जन प्लान।

कांवड़ यात्रा के दौरान कासगंज में बदलेगा यातायात, 30 जुलाई से लागू होगा डायवर्जन प्लान।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए कासगंज यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। जिले में 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। इस अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।

यातायात विभाग के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोरों स्थित लहरा गंगा घाट और कछला गंगा घाट पहुंचकर गंगाजल लेते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और जाम की स्थिति से बचाव के लिए यह योजना तैयार की गई है।

इन मार्गों पर रहेगा यातायात परिवर्तन

एटा से बदायूं और बरेली जाने वाले वाहन:

एटा की ओर से आने वाले वाहनों को एटा रोड स्थित सौरभ ढाबा के पास से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। वाहन अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा, सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल के रास्ते बदायूं सीमा में प्रवेश करेंगे।

हाथरस से बदायूं-बरेली जाने वाला यातायात:

हाथरस की दिशा से आने वाले वाहनों को नदरई तिराहा से सौरभ ढाबा की ओर मोड़ा जाएगा। इसके बाद वाहन अमरपुर घाट बाईपास, मंडी तिराहा, सहावर और गंजडुंडवारा के रास्ते कादरगंज गंगा पुल की ओर जाएंगे।

अलीगढ़ से आने वाले वाहन:

अलीगढ़ की ओर से बदायूं या बरेली जाने वाले वाहनों को हजारा नहर पुल से मामों बाईपास और गोरहा नहर पुल के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सहावर और गंजडुंडवारा होते हुए कादरगंज गंगा पुल से आगे बढ़ेंगे।

कछला गंगा घाट से कासगंज की ओर:

कछला क्षेत्र से कासगंज आने वाले वाहनों को नगरिया थाना क्षेत्र के दुपहिया मोड़ से याकूतगंज की ओर भेजा जाएगा। वहां से वाहन सहावर और अमांपुर होते हुए कासगंज पहुंच सकेंगे।

सोरों से बदायूं और बरेली की दिशा में:

सोरों से बदायूं या बरेली जाने वाले वाहनों को नगरिया पुलिस चौकी से पहले नगरिया तिराहे से सहबाजपुर की ओर मोड़ा जाएगा। इसके बाद वाहन कादरगंज गंगा पुल के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहन:

कादरगंज गंगा पुल के रास्ते आने वाले भारी वाहनों को तरसी तिराहे से पटियाली और सिढ़पुरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए सात पार्किंग स्थल निर्धारित

कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के लिए सोरों और लहरा क्षेत्र में सात पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें लहरा घाट, लहरा गांव, कुष्ठ आश्रम, घोड़ा मेला ग्राउंड, मेला ग्राउंड सोरों, पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित पुरानी पुलिस लाइन तथा गोला कुआं के पास का क्षेत्र शामिल है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह, कहा- हमने एक लोकप्रिय अभिभावक खो दिया।

बलरामपुर: पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा नेता बृज भूषण …

error: Content is protected !!