Breaking News

कासगंज: लापता महिला का शव मिलने के बाद हंगामा, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार; बुलडोजर कार्रवाई की मांग।

कासगंज: लापता महिला का शव मिलने के बाद हंगामा, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार; बुलडोजर कार्रवाई की मांग।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कादरगंज (कासगंज)। थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम कादरगंज पुख्ता में 48 वर्षीय मीना देवी की मृत्यु के मामले ने तूल पकड़ लिया है। महिला के लापता होने के बाद शव मिलने से आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिजन आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर जैसी कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

मृतक मीना देवी पत्नी नत्थू सिंह के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार सुबह से ही ग्रामीणों और परिजनों ने गंजडुंडवारा-बदायूं हाईवे पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया।

अंतिम संस्कार से इनकार, प्रशासन मौके पर

पोस्टमार्टम के उपरांत जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने से साफ मना कर दिया। उनकी मुख्य मांग है कि मामले के दोषियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। परिजनों के इस रुख के चलते कई घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अडिग रहे।

भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह और पटियाली के पूर्व उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल प्रशासन परिजनों को शांत कराने और अंतिम संस्कार के लिए तैयार करने की कोशिशों में जुटा है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!