Breaking News

कासगंज: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय वृद्धि और जीपीएस व्यवस्था के विरोध में कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन।

₹2500 प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में जोड़ने और लंबित भुगतान की उठी मांग।

ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क समस्या के चलते जीपीएस उपस्थिति व्यवस्था का जताया विरोध।

कासगंज। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष राधारानी के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र होकर उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित अपनी विभिन्न मांगों का एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और जल्द से जल्द समस्याओं के निस्तारण की मांग की।

सौंपे गए ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पूर्व में बढ़ाई गई ₹2500 की प्रोत्साहन राशि को सीधे मूल मानदेय में शामिल करने और उसका नियमित रूप से भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में इस प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा, आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीपीएस (GPS) प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के विभागीय आदेश पर कार्यकर्ताओं ने व्यावहारिक समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट नेटवर्क की भारी समस्या रहती है। साथ ही विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य सरकारी सर्वे के सिलसिले में कार्यकर्ताओं को अक्सर केंद्र से बाहर रहना पड़ता है, जिससे जीपीएस उपस्थिति दर्ज होना संभव नहीं हो पाता।

संगठन ने सरकार से पूर्व में बकाया चल रही प्रोत्साहन राशि के त्वरित भुगतान और जीपीएस आधारित उपस्थिति व्यवस्था को लागू न करने की मांग रखी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जायज मांगों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

इस प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने के दौरान सुधा, शालिनी माहेश्वरी, सुषमा देवी, रीना, प्रीति यादव, साक्षी, मेघा, सत्यवती, अंजली, सुमन मिश्रा, प्रेमलता, कृष्णा, मिथलेश, गीता गौतम, रेखा, अर्चना सक्सेना, बबिता, ऊषा, अनीता, संगीता, बीना, गीता, दीपा, गायत्री, संजू, रश्मि, सुमन, राजकुमारी, रमा पांडेय, रत्ना रानी, सरोज कुमारी और केला देवी सहित सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Spread the love

Check Also

सहसवान: जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमले का आरोप।

जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमले का …