Breaking News

कासगंज: अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘यूपी में बंगाल-बिहार जैसी बेईमानी हुई तो भविष्य में चुनाव नहीं होगा’

कासगंज: अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘यूपी में बंगाल-बिहार जैसी बेईमानी हुई तो भविष्य में चुनाव नहीं होगा’

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी

कासगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव के उर्मिला गार्डन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व सांसद की समाजवादी पार्टी में वापसी कराई और एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।

अखिलेश यादव ने कासगंज को हिंदू-मुस्लिम एकता की धरती बताते हुए एटा-कासगंज की जनता का आभार जताया कि उन्होंने एटा लोकसभा सीट से देवेश शाक्य को भारी मतों से जिताया। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा का धुआं निकाल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार केवल सपा के समय के कार्यों पर अपनी मोहर लगा रही है। उन्होंने एटा में सपा सरकार द्वारा स्थापित बिजली कारखाने और गांव-गांव तक बिछाई गई इंटरनेट लाइनों का जिक्र करते हुए कहा कि आज भी उन्हीं सुविधाओं का लाभ जनता को मिल रहा है।

अस्पतालों की बदहाली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में मरीजों को सिर्फ रेफर किया जा रहा है, लेकिन यदि सपा की सरकार बनी तो इलाज और एंबुलेंस की बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। महंगाई और पेट्रोल-डीजल में मिलावट को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘मुंह से स्वदेशी और मन से विदेशी’ नीति अपना रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार स्कूल बंद कर शराब की दुकानें खुलवा रही है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार बदलने पर फर्जी एनकाउंटर की जांच कराई जाएगी और दोषी पुलिसकर्मी जेल जाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं की नौकरियां छीनी गई हैं और पेपर लीक के जरिए भविष्य से खिलवाड़ हुआ है।

अंत में उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह बंगाल और बिहार में चुनाव के दौरान हेराफेरी की गई, यदि वही स्थिति उत्तर प्रदेश में दोहराई गई और लूट-बेईमानी हुई, तो भविष्य में कभी चुनाव नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सजग रहें और भाजपा की जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब दें।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …