Breaking News

कासगंज: वेतन न मिलने से नाराज सफाईकर्मी 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा, प्रशासन में मचा हड़कंप।

वेतन न मिलने से नाराज सफाईकर्मी 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा, प्रशासन में मचा हड़कंप।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता

कासगंज। जनपद के विकास भवन परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब वेतन न मिलने से नाराज एक सफाई कर्मचारी करीब 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और विरोध जताते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। करीब एक घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर सफाईकर्मी सुरक्षित नीचे उतर आया।

बताया जाता है कि कासगंज जिले की तीर्थ नगरी सोरों कस्बे के मोहल्ला पजाया निवासी अजीत वाल्मीकि सोरों ब्लॉक की ग्राम पंचायत तुमरिया में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात है। अजीत का आरोप है कि उसे पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। उसने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हेम सिंह मौर्य पर वेतन बनवाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग करने और निलंबित कराने की धमकी देने का आरोप लगाया।

अजीत वाल्मीकि का कहना है कि वह इस संबंध में कई बार डीपीआरओ से शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर वह विकास भवन परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सफाईकर्मी अजीत वाल्मीकि सुरक्षित नीचे उतर आया।

इस संबंध में सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सफाईकर्मी का ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत डीपीआरओ से की गई थी और संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी जारी किया गया है। किसी ने सफाईकर्मी को गलत सूचना दे दी थी कि उसे निलंबित कर दिया गया है, जिससे आहत होकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसके पक्ष को सुनकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

घटना के दौरान विकास भवन परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और प्रशासनिक अमला स्थिति को संभालने में लगा रहा।

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …