Breaking News

खीरी पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड, 487 जांबाज आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ।

खीरी पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड, 487 जांबाज आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ।

संवाददाता: मोहम्मद असलम

लखीमपुर खीरी। जनपद लखीमपुर खीरी के रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में रविवार को उत्साह और गौरव का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ 487 रिक्रूट आरक्षियों ने अपना कड़ा प्रशिक्षण पूर्ण कर भव्य दीक्षांत परेड का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र श्री किरन एस. द्वारा परेड का निरीक्षण करने के साथ समारोह का गरिमामय आगाज हुआ।

पुलिस अधीक्षक खीरी श्रीमती ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में नव-नियुक्त आरक्षियों ने अनुशासन और अटूट तालमेल के साथ आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस परिवार का हिस्सा बने इन युवाओं को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जन-संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति गर्ग ने सभी 487 आरक्षियों को पद, गोपनीयता और देश सेवा की विधिवत शपथ दिलाई। प्रशिक्षण की अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आरक्षी उदित सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ का खिताब हासिल किया और परेड के प्रथम कमांडर की भूमिका निभाई, वहीं सत्यप्रकाश शुक्ला द्वितीय एवं ऋषभ अहलावत तृतीय स्थान पर रहे।

आंतरिक परीक्षा में उदित सिंह और बाह्य परीक्षा में सत्यप्रकाश शुक्ला ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि श्री किरन एस. ने अपने संबोधन में कहा कि खाकी वर्दी महज एक पोशाक नहीं बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है, अतः जवानों को भविष्य की चुनौतियों और साइबर अपराध जैसे आधुनिक खतरों से निपटने के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने सफल आरक्षियों के साथ-साथ उनके गौरवान्वित परिजनों और पूरी प्रशिक्षण टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!