Breaking News

गंजडुंडवारा: प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण से कराया मुक्त।

गंजडुंडवारा: प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण से कराया मुक्त।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पचपोखरा में अल्पसंख्यक सरकारी विद्यालय के पास स्थित ग्राम समाज की करीब 6 बिस्वा भूमि को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त करा लिया है। इस कार्रवाई के बाद से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

मामला ग्राम पचपोखरा स्थित गाटा संख्या 461 का है। आरोप है कि गांव के ही निवासी इश्तियाक पुत्र शेर खान, अमजद पुत्र इश्तियाक और अन्य लोगों ने लंबे समय से खाली पड़ी इस सरकारी जमीन पर दीवार खड़ी कर इसे अपनी निजी संपत्ति बना लिया था। ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व विभाग ने मामले की जांच की, जिसमें भूमि सरकारी होने की पुष्टि हुई।

शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भारी बल के साथ पचपोखरा पहुंची। अधिकारियों की देखरेख में अवैध रूप से खड़ी की गई दीवार को ध्वस्त कर दिया गया और पूरी जमीन को अतिक्रमणमुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर डटा रहा।

नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्राम समाज, सरकारी और सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी कहीं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलती है, तो संबंधितों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक सर्वेश कुमार, लेखपाल विवेक कुमार, उपनिरीक्षक पुत्तू सिंह, ग्राम प्रधान अफजल नवी और गंजडुंडवारा थाने का पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में सरकारी भूमि संरक्षण अभियान को बल मिला है और कब्जाधारियों में बेचैनी का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने का सिलसिला निरंतर चलेगा।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!