Breaking News

इटावा: कला और ध्यान से तनाव को मात देंगे शिक्षक, डायट में आयोजित हुई विशेष कार्यशाला।

इटावा: कला और ध्यान से तनाव को मात देंगे शिक्षक, डायट में आयोजित हुई विशेष कार्यशाला।

इटावा (आनन्द पाण्डेय)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) इटावा के निर्देशन में शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए एक दिवसीय ‘होलिस्टिक एंड माइंडफुलनेस आर्ट वर्कशॉप’ का सफल आयोजन किया गया। इटावा टीचर्स क्लब और मिशन शिक्षण संवाद के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय ‘तनाव मुक्त जीवन’ रहा, जिसमें जिले भर के 100 से अधिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ डायट प्राचार्य प्रेम पाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान चुनौतीपूर्ण समय में मानसिक स्वास्थ्य पर कार्यशालाएं आयोजित करना नितांत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें अपनी सभी व्यावसायिक और व्यक्तिगत जिम्मेदारियां तनाव मुक्त होकर निभानी चाहिए, क्योंकि अत्यधिक तनाव हमारे मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक जीवन के संतुलन को बिगाड़ सकता है। उन्होंने इस रचनात्मक पहल के लिए आयोजक संस्थाओं की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि और मिशन शिक्षण संवाद के संस्थापक विमल कुमार ने सुझाव दिया कि जीवन में खुशहाली बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन अपनी पसंद (हॉबी) का कोई न कोई कार्य अवश्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि सकारात्मक परिवेश और मनचाहे शैक्षिक कार्यों से जुड़कर व्यक्ति न केवल स्वयं आनंदित रहता है, बल्कि समाज में भी अपना सम्मान बढ़ाता है। मुख्य वक्ता के रूप में डायट प्रवक्ता आनंद ने कला के माध्यम से सर्वांगीण विकास और मानसिक शांति प्राप्त करने के तकनीकी पहलुओं पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया। इसके साथ ही डायट प्रवक्ता गायत्री, बृजलाल और टीचर्स क्लब के पदाधिकारियों ने भी आनंददायक जीवन पर अपने विचार साझा किए।

कार्यशाला के दौरान जिला संयोजक नगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सृजनात्मकता और ध्यान का मेल दैनिक जीवन की थकान और तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा भर देता है। कार्यक्रम का सफल संचालन नगेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर औरैया के मिशन संयोजक ज्ञान प्रकाश, टीचर्स क्लब के संयोजक प्रांजल दुबे, अवनीन्द्र सिंह जादौन, चंद्रकांत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद और शिक्षक उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!