Breaking News

हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, 45 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग।

हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, 45 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। गंजडुंडवारा नगर के रेलवे रोड स्थित ज्ञान दीप विद्या मंदिर में हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर एक विशेष निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिक्षा विकास समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के कुल 45 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने हिंदी भाषा के महत्व, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखते हुए निबंध प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने यह स्पष्ट किया कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और एकता का प्रतीक है, इसलिए हमें इसका सम्मान करना चाहिए और इसके संवर्धन के लिए हर स्तर पर प्रयास करना चाहिए।

निबंध प्रतियोगिता के साथ-साथ छात्राओं ने कविताओं के माध्यम से भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। मंच पर केशवी, स्नेहा, दीक्षा पालीवाल, निहारिका, श्रष्टि गुप्ता, रूचि और गुड़िया सोलंकी ने एक से बढ़कर एक कविताएं सुनाकर कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। कविताओं में हिंदी के प्रति गर्व, देशभक्ति और मातृभाषा के प्रति प्रेम की झलक साफ दिखाई दी। बच्चों की प्रस्तुति ने विद्यालय प्रांगण को उत्साह और उमंग से भर दिया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा के महत्व के बारे में जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा ही नहीं बल्कि हमारी अस्मिता और पहचान की आत्मा है। मातृभाषा का संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी धरोहर पहुँचाना हर भारतीय का कर्तव्य है। शिक्षा विकास समिति के संयोजक अनिल सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हिंदी की सरलता और सहजता ही इसे महान बनाती है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे हिंदी को केवल विद्यालय तक ही सीमित न रखें बल्कि दैनिक जीवन में इसका प्रयोग बढ़ाएँ और इसे आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम का संचालन हिमांशु चौहान ने किया। विद्यालय प्रांगण में बच्चों की उपस्थिति और उनकी ऊर्जा से वातावरण उत्सवमय बना रहा। कार्यक्रम में पवन सक्सेना, मानसी, अनीता प्रजापति, सुनीति, वंदना, रजनी, खुशबू सहित पूरा विद्यालयी स्टाफ मौजूद रहा और सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। हिंदी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच बना बल्कि हिंदी भाषा के प्रति उनमें गर्व और सम्मान की भावना को भी और अधिक प्रगाढ़ कर गया।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!