Breaking News

ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद: बिसौली के सीकरी गांव में तनाव, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।

ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद: बिसौली के सीकरी गांव में तनाव, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।

आई एम खान 

बिसौली: तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सीकरी में ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित करने और इस दौरान कथित रूप से प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के सीकरी गांव में ग्राम समाज की जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति के बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया और वहाँ निर्माण के लिए ईंटें भी मंगवा ली गईं। इसकी भनक लगते ही उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल और क्षेत्राधिकारी अंशुमन श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे।

ग्रामीणों और प्रशासन के बीच उस समय माहौल गरमा गया जब बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और ग्रामीणों ने दो पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा को गिराकर क्षतिग्रस्त करने का गंभीर आरोप लगाया। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया और बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित न होने देने की बात स्पष्ट की।

फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर मामले को शांत करने और आपसी सहमति से हल निकालने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है, जबकि ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली: एलआईयू और इंटेलिजेंस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा: कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास कर रहे दंपति को बचाया।

एलआईयू और इंटेलिजेंस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा: कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास …