Breaking News

जरीफनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, लूट की साजिश रचते चार बदमाश गिरफ्तार।

जरीफनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, लूट की साजिश रचते चार बदमाश गिरफ्तार।

जरीफनगर, बदायूं। जरीफनगर थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो चाकू, चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, एक एप्पल मोबाइल फोन और महिंद्रा वीरो वाहन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया और क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में जरीफनगर पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

बताया गया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने गांव बागवाला स्थित स्विमिंग पूल के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी कोठे थाना अलापुर, रविन्द्र निवासी बनबोसारी थाना उसावां, अजीत निवासी गढ़ी जिला शाहजहांपुर और छोटू निवासी भोनपुरा जिला मुरैना मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने चोरी और लूट की वारदातों के लिए गिरोह बना रखा था। वारदात से पहले संभावित स्थान की रेकी की जाती थी और इसके बाद महिंद्रा वीरो वाहन से मौके पर पहुंचकर चोरी या लूट का सामान उसमें भरकर ले जाया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी शनिवार रात भी एक गांव में लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जरीफनगर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Spread the love

Check Also

बिल्सी पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के वाहन काटकर बेचने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, गोदाम से भारी मात्रा में सामान बरामद।

बिल्सी पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के वाहन काटकर बेचने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, …